लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) राजधानी लखनऊ में एक व्यक्ति ने किस्त न भरने पर अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र की है जिसका खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को किया। दरअसल विक्रम नारंग हजरतगंज स्थित सप्रू मार्ग के बैकुण्ठ निवास 5 में बने सर्वेन्ट क्वाटर में सपरिवार रहते थे। विक्रम नारंग के साथ ही विनोद कश्यप अपनी पत्नी किरन कश्यप व पुत्र सोनू कश्यप से साथ वहीं रहते थे।
पुलिस के मुताबिक विक्रम नारंग द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 6 जून को विक्रम नारंग किरन कश्यप के संग अपने पैतृक गांव मंसूरी गये हुए थे। विनोद कश्यप अपने पुत्र सोनू कश्यप के संग घर पर ही थे। 14 जून को पिता विनोद कश्यप व पुत्र सोनू कश्यप के बीच विवाद हुआ जिसमें सोनू ने अपने पिता को मारने की बात कही। पिता-पुत्र के बीच चल रही विवाद की ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद सोनू ने अपने पिता को बरामदे में ले जाकर उनकी गला घोटकर हत्या कर दी। हालांकि बरामदे में सीसीटीवी नहीं लगा था। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सोनू ने बताया कि उसने अपने पिता को किस्त भरने के लिए रूपए दिए थे। किस्त न भरने की बजाय पिता ने रूपए कहीं और खर्च कर दिये। इसी बात पर दोनों के बीच हुए विवाद में उसने पिता की हत्या कर दी।