लखनऊः विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत होते ही सपा विधायकों ने हंगामा कर दिया। शिवपाल यादव की अगुवाई में विधायक परिसर में हाय-हाय के नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान विधायकों की पुलिस और वहां मौजूद मार्शलों से नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन कर रहे सपा विधायकों के हाथ में तख्तियां हैं। इन पर लिखा है…पिछड़े पावे सौ में साठ, समाजवादियों ने बांधी गांठ।
सामाजिक न्याय की मांग करो पूरी, जातियों की गिनती है जरूरी। इसके अलावा, प्रदर्शन कर रहे विधायकों ने बिगड़ती लॉ एंड ऑर्डर, कानपुर में मां-बेटी के जिंदा जलने, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उधर, कवरेज के दौरान मीडियाकर्मियों से भी मार्शल की भी नोकझोंक हुई। हालांकि सीएम योगी के आने से कुछ देर पहले ही मार्शलों ने सपा विधायकों को धरने से उठा दिया। उधर अखिलेश यादव के आवास के बाहर पीएसी तैनात की गई है। ऐसा क्यों किया गया? किसी को नही मालूम। स्वामी प्रसाद मौर्य भी विधानसभा पहुंच गए हैं। हालांकि, वह विधायकों के प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। विधायकों ने आरोप लगाया कि उनके साथ मार्शलों ने बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गयी।