हर्रैया, बस्ती। परसरामपुर ब्लॉक मुख्यालय गेट के सामने से जाने वाले मार्ग की दुर्दशा कम होने की बजाय और बढ़ गई है। अभी तक जगह-जगह गड्ढे और भारी जलजमाव की समस्या खत्म नहीं हुई थी कि बारिश की वजह से अब सड़क भी धंसने लगी है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को और भी मुसीबत का सामना करना पडेगा।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय के सामने से तल्हवापुर, दर्रूपुर, बनकटवा, रघुनाथपुर, सलेमपुर होते हुए गौशाला चौरी-मसकनवा मार्ग में मिलती है। स्थानीय लोगों को अगर आकस्मिक चिकित्सा सेवा की आवश्यकता पड़े तो समय पर हॉस्पिटल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। इस रास्ते से भारी संख्या में लोगों का आना जाना रहता है। गौशाला से ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने के लिए यही एक नजदीकी मार्ग है जो ख़ुद अपने किस्मत पर आंसू बहा रहा है।
स्कूली छात्र, छात्राओं को आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सडक पर जगह-जगह गढ्ढे होने के कारण गाड़ियों का फंस जाना, साईकिल से गिरकर चोटिल हो जाना आम बात हो गई है। स्थानीय लोगों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि इस सड़क के किस्मत को संवारने वाले जिम्मेदार और जनप्रतिनिधियों की नज़र जाने कब इसपर पड़ेगी। मुसीबत कम होने के बजाय और भी बढ गई। सडक धस जाने के कारण आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड रहा है। ग्रामीणो ने शासन-प्रशासन से जल्द सड़क को बनवाने की मांग किया है।