यूपी डेस्कः उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालते ही अजय राय ने राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने का दावा किया है। अजय राय ने दावा किया है कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे। इतना ही नही उन्होंने प्रियंका गांधी से वाराणसी से चुनाव लड़ने की सिफारिश की है। उन्होंने ये बातें वाराणसी में कहीं।
राय ने कहा- मैं राहुल गांधी का सिपाही हूं। अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस डंके की चोट पर जीतेगी। राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। एयरपोर्ट पर जुटे हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया। जुलूस निकालकर नारेबाजी की और कांग्रेस का झंडा लहराया। एयरपोर्ट से निकलते ही अजय राय ने कहा, ’’अमेठी से आए सैकड़ों लोग राहुल गांधी की लोकप्रियता के गवाह हैं। अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी पर तंज कसते हुए कहा कि वह 13 रुपए में चीनी दिला रही थीं। अब 13 रुपए वाली चीनी कहां है?’’
अजय राय ने कहा, ’’प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जमीनी कार्यकर्ताओं को महत्व देना, संगठन को क्रियाशील बनाना, दलितों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग के लोगों को कांग्रेस से जोड़ना मेरा मुख्य लक्ष्य होगा। मेरा पहला लक्ष्य संगठन और लोकसभा चुनाव में पार्टी की शानदार वापसी को सुनिश्चित करना है। आपको बता दें 2019 के लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को 55 हजार 120 मतों से हराया था, स्मृति को 4 लाख 67 हजार 598 वोट मिले थे। जबकि राहुल गांधी को 4 लाख 12 हजार 867 वोट मिले थे। हालांकि वे केरल के वायनाड सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुचे थे।