देवरिया 22 जून। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दावा किया है कि देवरिया जनपद में हीट स्ट्रोक से मौतें नहीं हुई हैं। कुछ समाचार पत्रों ने झूठी खबर फैलाकर देवरिया जिले को बदनाम किया है। श्री शाही ने सख्त तेवर में कहा कि इस तरह की आधारहीन खबरें नहीं प्रकाशित होनी चाहिए। श्री शाही गुरुवार को विकास भवन के गांधी सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह अवश्य है कि प्रचंड गर्मी से लोग परेशान हैं। लेकिन अस्पतालों में इलाज की सभी तरह की व्यवस्था की गई है। उन्होंने अपील की कि पत्रकारों को अपने कार्य का निर्वहन जिम्मेदारी से करना चाहिए। उन्होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की 9 साल पूरे होने पर उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि मोदी सरकार ने नौ साल पूरा कर लिया है। देश और प्रदेश में हर तरफ विकास एवं सुशासन दिखाई दे रहा है।
किसान मजदूर छात्र गरीब सभी संतुष्ट हैं। हर क्षेत्र में मोदी जी के दिशा निर्देशन में कार्य हो रहे हैं और भविष्य में भी होंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में ला एंड आर्डर की स्थिति अत्यंत सुदृढ़ है। अन्य प्रदेश के लोग सीएम योगी के द्वारा किए जा रहे कानून व्यवस्था की प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश से गुंडाराज व माफिया राज समाप्त हो गया है। श्री शाही ने कुछ बड़े अपराधियों का नाम गिनाते हुए कहा कि यह सब आज के दिन मे प्रदेश से फरार हैं।़़ उन्होंने पत्रकारों से अपील किया 2024 में भी भाजपा की सरकार को बनाने में सहयोग प्रदान करें।