लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) 2024 लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर मंगलवार की शाम बंगलुरु में हुई विपक्षी दलों की दूसरी बैठक समाप्त हो गई है। इस बैठक में कुल 26 विपक्षी दल शामिल हुए। यह बैठक विपक्ष के नजरिए से एक महत्वपूर्ण बैठक थी। इस बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन को ’इंडिया’ नाम दिया गया है जिसका पूरा नाम ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इन्क्लूसिव अलायंस’ रखा गया है।
बैठक खत्म होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी कि अगली बैठक मुंबई में होगी। उत्तर प्रदेश से इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल व राज्यसभा सांसद जयंत चैधरी ने भाग लिया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश की दो तिहाई जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ है। इस बार भाजपा का सफाया करने के लिए सब एक हैं।
सोमवार को विपक्षी दलों की बैठक में भाग लेने बंगलुरु पहुंचे अखिलेश यादव ने ट्वीट किया था ’हर कन्धे पर जिम्मेदारी है, अब एक नई तैयारी है’। साथ ही मंगलवार को बैठक समाप्त होने पर विपक्षी नेताओं संग एक फोटो साझा करते हुए अखिलेश ट्वीट करते हुए लिखा ’भारतीय इतिहास आज के दिन को देशभक्ति और सकारात्मक राजनीति के ’बेंगलुरु आंदोलन’ के दिन के रूप में याद रखेगा’।
वहीं आएलडी के अध्यक्ष जयंत चैधरी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा ’नौ साल देश की जनता ने सरकार को भरपूर ताकत देकर देखा। इन्होंने ने न्यू इंडिया का नारा दिया है। न्यू इंडिया में लोकतंत्र कम भीड़तंत्र ज्यादा दिखता है। देश की रक्षा नीति को कमजोर किया गया। देश की अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। किसान और मजदूर वर्ग को दो वक्त की रोटी मिलना, इज्जत सम्मान मिलना व उनका भविष्य उज्जवल होना दुश्वार हो चुका है। उन्हीं के लिए हम लोग काम करते हुए आये हैं। आज एक समन्वय बनेगा, चर्चाएं होंगी और उनसे रास्ता निकलेगा’।