लखनऊ, उ.प्र.। यूपी में ऐसी सरकार है कि पुलिस का मर्डर हो रहा है। ऐेसे में आम नागरिक की कितनी सुरक्षा है, अंदाजा लगाया जा सकता है। ताजा मामला राजधानी के कृष्णानगर का है। दीपावली की आधी रात पीएसी में क्वाटर मास्टर (इंस्पेक्टर) पद पर तैनात सतीश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह राजाजीपुरम में अपने रिश्तेदार से मिलकर रविवार रात 2.30 बजे लौटे थे।
पत्नी-बेटी कार की पिछली सीट पर सो रहे थे। सतीश घर का गेट खोलने का प्रयास कर रहे थे, जब बदमाशों ने 3-4 गोली चला दीं। इंस्पेक्टर वही लहूलुहान होकर गिर गए। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार और पड़ोस के लोग दौड़े। उन्हे गंभीर अवस्था में लोकबन्धु अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके सिर और कंधे पर गोली लगी है।
डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि कृष्णानगर के मानस बिहार कालोनी में रहने वाले सतीश कुमार प्रयागराज में पीएसी की चतुर्थ बटालियन में क्वाटर मास्टर के पद पर तैनात थे। घटना की रात वे पत्नी और बेटी के साथ राजाजीपुरम में अपने एक रिश्तेदार से मिलने गये थे। पारिवारिक और विभागीय रंजिश के आधार पर पुलिस की 5 टीमें पड़ताल कर रही हैं। वहीं क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमें सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल काल की डिटेल खंगाल रही हैं। पुलिस जल्द की मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। घटना को लेकर कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।