लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर को कैसरबाग स्थित लखनऊ कोर्ट में पेशी पर आए मुख्तार गैंग के शूटर जीवा की हत्या हो गई। घटना दोपहर करीब 4ः00 बजे की है। मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारे वकील की पोशाक में दाखिल हुए। करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग करते हुए हत्यारों ने जीवा पर गोलियां बरसायीं। जीवा की तो मौके पर ही मौत हो गई साथ ही एक बच्ची व दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देकर भाग रहे हत्यारों को वकीलों ने दबोच लिया और पिटाई भी शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने उसे किसी तरह से वकीलों से छुड़ाया। हमलावर का नाम विजय यादव बताया जा रहा है। फिलहाल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जांच हेतु एसआईटी का गठन कर दिया है। तीन अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी दी गई है जिन्हें 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट देना होगा। मुजफ्फरनगर का रहने वाला जीवा लखनऊ जेल में बंद था। वह माफिया मुख्तार अंसारी का करीबी था। भाजपा नेता ब्रह्म दत्त तिवारी की हत्या में भी उसका नाम शामिल था।