बस्ती। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग ‘ओ.बी.सी.’मोर्चा की राष्ट्र व्यापी परिवर्तन यात्रा रविवार को बस्ती पहुंची। प्रेस क्लब सभागार में जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रेम नन्दबंशी के नेतृत्व में मोर्चा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल पदाधिकारियों का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुये मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विकास पटेल ने कहा कि देश में पशु पक्षी तक की जनगणना हो रही है किन्तु केन्द्र की भाजपा सरकार राजनीतिक कारणों से जनगणना नहीं कराना चाहती।
बिहार की सरकार ने जनगणना शुरू किया किन्तु उसे भी रोकवा दिया। कहा कि संसाधनों पर समान अधिकार समय की मांग है, पिछड़ा वर्ग की घोर उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। चौधरी विकास पटेल ने कहा कि जानबूझकर पिछड़ा वर्ग को आरक्षण तक का लाभ नहीं दिया जा रहा है जिससे पिछड़े वर्ग के युवा सरकारी नौकरियों से वंचित हो रहे हैं, इस दिशा में ओ.बी.सी. मोर्चा द्वारा लगातार संघर्ष किया जा रहा है। उन्होने कहा कि हमें एकजुट होकर लक्ष्य प्राप्ति के लिये आगे बढना होगा।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर वर्मा ने कहा कि किसानां को हर हाल में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) का लाभ दिलाया जाय, केवल नारा लगाने से किसानों की आय दो गुनी नहीं होगी, इसके लिये नीतियों में केन्द्रीय स्तर पर परिवर्तन करना होगा। उन्होने निजी क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग को आरक्षण, पदोन्नित में आरक्षण, क्रीमीलेयर को समाप्त करने, ओबीसी के लिये सुरक्षा कानून बनाने आदि मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदीप ठाकुर, हृदय गौतम, बुद्ध प्रिय पासवान, बुद्धेश राना, दया निधि आनन्द, आर.के. आरतियन, विनय कुमार, दुर्गेश कुमार, रामवृक्ष, दिनेश चौधरी, राजकुमार, राज बहादुर निषाद, प्रवेश कुमार, प्रदीप, चन्द्र प्रकाश आदि शामिल रहे।