यूपी डेस्कः गाजीपुर में बड़ेसर थाना के हुसैनाबाद गांव में एक 35 साल की महिला ने अपने 26 साल के प्रेमी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। महिला ने फोन करके शनिवार रात उसे अपने घर बुलाया। जैसे ही वह बेडरूम में बिस्तर पर बैठा, चेहरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इसके बाद वह प्रेमी को तड़प-तड़प कर मरता देखती रही।
रविवार सुबह जब महिला कमरे से बाहर नहीं निकली, तो उसके ससुर ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो आस-पास के लोगों को बुलाया। अंततः दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा, तो युवक का शव बिस्तर पर पड़ा था। महिला पास में बैठी थी। उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है। युवक के कपड़े खून से सने हुए थे। घटना बड़ेसर थाना के हुसैनाबाद गांव की है। आरोपी महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। उसका पति मध्य प्रदेश में पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। महिला के प्रेमी का नाम मनीष कुमार सिंह (26) है। वो बिहार में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेमी उसको बहुत परेशान करता था। जबरदस्ती मिलने का दबाव बनाता था, तभी गुस्से में आकर उसको मार दिया।