लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने मणिपुर की घटना व महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रान्तीय अध्यक्ष व पार्षद ममता चौधरी के नेतृत्व में विधानसभा की घेराबंदी की पुरजोर कोशिश की।
हालांकि पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर रोक लिया। महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर व गले में सब्जियों की माला पहनकर प्रदर्शन करते हुए यह मांग की कि सरकार टमाटर व अन्य सब्जियों के दाम कम करे साथ ही सिलेंडर के बढ़े हुए दाम को घटाए। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मणिपुर की घटना पर कार्यवाही की भी मांग की। फिलहाल पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। इन्हें बस में भर कर इको गार्डन भेज दिया गया है।