लखनऊ। बेतहाशा बढ़ रही महंगाई के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन करने जा रहे आप के यूथ विंग कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ही रोक दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसमें कई कार्यकर्ता चोटिल हुये हैं। पुलिस ने जबरन सभी को गाड़ी में बैठाकर आलमबाग के इको गार्डन ले जाकर छोड़ा।
सब्जी, दाल, राशन, गैस सिलेण्डर व दवाओं की बढ़ती कीमतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष पंकज अवाना के नेतृत्व में रविवार दोपहर कार्यकर्ता पत्रकारपुरम चौराहे से 1090 तक पैदल मार्च करने जा रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने प्रदेश कार्यलय को घेर लिया और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कार्यालय से बाहर नहीं आने दिया। पुलिस ने पार्टी कार्यलय में घुसकर कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाईं।
पंकज अवाना ने बताया कि शांति पूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर योगी सरकार की पुलिस ने बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया,जिससे कई कार्यकर्ता चोटिल हो गए। सरकार महंगाई काबू करने के बजाय विपक्ष पर लाठी डण्डे चलवा रही है। आटा, दाल, सब्जी, तेल, घरेलू सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और दवाओं की कीमतें बढ़ने से आम आदमी परेशान हो रहा है। इस मौके पर यूथ विंग के प्रदेश महासचिव अंकित परिहार, ललित वाल्मीकि, ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, अंकित चौधरी, प्रदीप कुमार यादव आदि मौजूद रहे।