लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) शुक्रवार को विपक्षी दलों के गठबंधन ’इंडिया’ की तीसरी बैठक संपन्न हुई। यह बैठक महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में आयोजित की गई। इस बैठक में शामिल कुल 28 दलों के बीच चार बिन्दुओं पर सहमति बनी। मुंबई में हुई बैठक में सीट बंटवारे के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया गया है।
इसके साथ ही मीडिया मैनेजमेंट, भविष्य में होने वाले अभियानों की रूपरेखा व सोशल मीडिया पर प्रतिनिधित्व करने की योजनाओं पर सहमति बनी। बैठक संपन्न होने के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने एक्स (ट्विटर का बदला हुआ नाम) प्रोफाइल पर पोस्ट करते हुए लिखा ’जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया’। इस पोस्ट में अखिलेश ने बैठक की तीन तस्वीरें भी साझा की।
बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए विपक्षी एकजुटता की पहली बैठक इसी साल 23 जून को पटना में हुई थी। इस बैठक में 16 राजनीतिक दल शामिल हुए थे। इसके बाद विपक्षी दलों की दूसरी बैठक 18 जुलाई को कर्नाटक की राजधानी बंगलुरु में आयोजित की गई थी। इस बैठक में कुल 26 राजनीतिक दलों ने भाग लिया। इसी बैठक में गठबंधन का नाम ’इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ रखा गया जिसे संक्षिप्त रूप से इंडिया कहा जा रहा है। इसी क्रम में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक इंडिया गठबंधन की दो दिवसीय बैठक मुंबई में आयोजित की गई।