लखनऊः यूपी में बिपरजॉय चक्रवात का असर दिखने लगा है। सोमवार सुबह गाजियाबाद और नोएडा में तेज बारिश की खबर है जबकि लखनऊ में भी बूंदाबांदी हुई। यूपी के कई शहरों में बादल छाए हुए हैं। पश्चिमी यूपी के 37 जिलों में आज बिपरजॉय का प्रभाव दिखाई देगा। यहां 40 किमी. की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बारिश के भी आसार हैं।
मौसू विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी के कई जिलों में लोगों को आज भी हीटवेव का सामना करना पड़ेगा। साइक्लोन की वजह से मानसून भी तेजी से यूपी की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. सुनील पांडेय ने बताया कि बिपरजॉय का असर पश्चिमी और पूर्वी यूपी के करीब 37 जिलों पर 48 घंटे तक रहेगा। हालांकि, हालात चिंताजनक नहीं हैं। 20 जून से यूपी में मानसून दस्तक दे सकता है। घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है।
कानपुर में भी देर रात घने बादल छाए हैं। रविवार के मौसम की बात करें, तो झांसी, सहारनपुर, बिजनौर में साइक्लोन के असर की वजह से तेज बारिश हुई। पूर्वी यूपी में लगातार तप रहे प्रयागराज और वाराणसी का तापमान बीते 24 घंटे में 2 डिग्री तक गिर गया है। यहां अधिकतम तापमान 46° सेल्सियस तक चल रहा था। रविवार को यहां तापमान 44.2°सेल्सियस दर्ज किया गया। यूपी में मेरठ सबसे ठंडा जिला रहा, यहां का तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।