यूपी डेस्कः कानपुर में डेंगू मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को एक दिन में चार डेंगू मरीज मिले हैं। इसमें युवाओं की संख्या अधिक है। स्वास्थ्य विभाग ने 48 लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं, जिनके अंदर डेंगू के लक्षण लग रहे थे। शनिवार रात को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फीलखाना इलाके में जाकर डेंगू मरीज के घर पर और आसपास के क्षेत्र में फागिंग भी की।
फीलखाना क्षेत्र में 33 वर्ष की एक महिला को डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जाजमऊ क्षेत्र में भी दो डेंगू मरीज मिले हैं। बर्रा में 30 वर्षीय एक डेंगू मरीज मिला है। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम आज फागिंग करेगी। पिछले 10 से 12 दिनों के अंदर डेंगू के लगभग 20 मरीज मिल चुके हैं। अभी तक एक या दो मरीज 1 दिन में मिल रहे थे, लेकिन अब मरीजों की संख्या बढ़ती दिखाई दे रही है। रोजाना तीन से 4 मरीज डेंगू के निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो आने वाले 10 से 15 दिनों के अंदर इन मरीजों की संख्या और तेजी से बढ़ेगी।