लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विराजखंड 5 में बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग महिला का गले में पहना हुआ चेन छीन लिया। घटना शनिवार शाम की है जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला के बेटे अनिवेश कुमार सिंह ने बताया कि उनकी मां शालिनी सिंह मोहल्ले में हो रहे सुन्दरकाण्ड पाठ में जा रही थीं। शाम करीब पांच बजे वह घर से निकली थीं। घर से कुछ ही दूरी पर थीं कि बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।
कुछ दूर पहले ही वे रुक गये। पीछे बैठा युवक बाइक से उतरकर आया व गले पर झपट्टा मारकर चेन छीन ले गया। सीसीटीवी फुटेज में यह लूट का घटनाक्रम कैद हो गया है। विडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक महिला से चेन छीनकर भाग रहा है। छीना-झपटी में महिला गिर जाती है व पुनः उठकर लुटेरे को पकड़ने के प्रयास में कुछ दूर दौड़ती भी है। इतने में बाइक सवार लुटेरे फरार हो जाते हैं। इस घटना पर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ का आधिकारिक रूप से कहना है कि थाना गोमतीनगर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है, तथा अभियुक्तों की तत्परता से तलाश की जा रही है। शीघ्र ही घटना का अनावरण किया जाएगा।