लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपराध बेलगाम हो रहे हैं। योगी सरकार इन पर लगाम कसने में नाकाम है। गुरुवार को हॉस्पिटल से लौट रही महिला का बाइक सवार तीन बदमाशों ने पर्स छीन लिया। घटना दोपहर 3 बजे की है। अभी बीते शुक्रवार 5 मई को आंचलिक विज्ञान केन्द्र अलीगंज की घटना को लोग भुला नहीं पाये हैं।
इस घटना में पर्स की छीना-झपटी में एक मासूम सड़क पर गिर कर घायल हो गया था। घटना के संबंध में पुलिस टीमें अभी भी जांच में जुटी हुई हैं। एक मीडिया इंटरव्यू के मुताबिक पीड़िता का यह आरोप है कि पुलिस ने उसे इस लूट की घटना को दुर्घटना बताने को कहा है।हालांकि पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। वहीं दूसरी ओर इस गुरुवार को पक्का पुल के पास बाइक सवार लुटेरों ने अस्पताल से लौट रही बुजुर्ग महिला का पर्स छीन लिया।
अमीनाबाद के मौलवीगंज की रहने वाली दिलरुबा आंख के अस्पताल से अपने भतीजे के साथ स्कूटी से लौट रही थीं। तभी थाना मदेयगंज कमिश्नरेट के अन्तर्गत पक्का पुल के पास पल्सर सवार बदमाशों ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद पल्सर पर पीछे बैठे बदमाश ने बुजुर्ग महिला का पर्स छीन लिया। महिला के शोर मचाने व थोड़ी दूर लुटेरों का पीछा करने के बावजूद पल्सर सवार लुटेरे फरार हो गये। महिला व उनके भतीजे के अनुसार बदमाशों की बाइक बिना नंबर प्लेट की थी। फिलहाल महिला ने संबंधित थाने में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार लुटेरों की तलाश में जुटी है।