लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) गुरुवार को लखनऊ के जवाहर भवन ट्रेजरी में घूस लेते हुए सहायक लेखाकार को विजिलेंस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। वह महिला के पेंशन को आगे बढ़ाने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। महिला के बेटे ने विजिलेंस विभाग से इस बात की शिकायत की थी। बेटे की शिकायत पर विभाग ने उसे रंगे हाथों पकड़ा। पशुधन विभाग से रिटायर हुए कुमार रावत को 2019 से ट्रेजरी से ही पेंशन मिल रही थी। उनकी 2021 में मृत्यु हो गई।
इसके बाद पेंशन उनकी पत्नी को मिलनी है। इसी के लिए उनका बेटा जवाहर भवन के ट्रेजरी ऑफिस का चक्कर काट रहा था। महिला के बेटे ने बताया कि सहायक लेखाकार सुनील कुमार रावत ने दस माह की पेंशन एक साथ बनाने के लिए आधी रकम की मांग की थी। सीनियर अधिकारियों से इस बात की शिकायत करने पर भी कोई असर नहीं हुआ तो उसने विजिलेंस टीम को सूचित कर दिया। सूचना मिलने पर कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक विजिलेंस डॉ० अरविंद चतुर्वेदी ने एक रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को ट्रेजरी ऑफिस भेजा। जहां आरोपी सुनील कुमार रावत को घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने सुनील कुमार रावत के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम में केस दर्ज कर लिया है।