लखनऊ, उ.प्र.। राजधानी लखनऊ में आज सुबह आलमबाग स्थित पुरानी रेलवे कॉलोनी में मकान गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और 3 बच्चे हैं। हादसे का पता उस वक्त चला, जब सुबह मृतक के बेटे को उसका दोस्त बुलाने पहुंचा। उसने घर दरवाजा खटखटाया। मगर, कोई रिस्पॉन्स नहीं आया। इसके बाद उसने खिड़की से झांक कर देखा, तो मकान की छत गिरी हुई थी।
इसके बाद उसने तुरंत इस बारे में मोहल्ले के लोगों को बताया। फिर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, खाना खाने के बाद परिवार घर में सो रहा था। रात में करीब 3.30 और 4 बजे के बीच हादसा हो गया। मगर, घटना के बारे में लोगों को सुबह 6-7 बजे के करीब चला। मृतकों की शिनाख्त सतीश चंद्र (40) सलोनी देवी (35) हर्षित (13) हर्षिता (10) अंश (5) के रूप में हुई है। रेलवे कॉलोनी में मृतक सतीश चंद्र अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी एक बेटी और दो बेटे थे। उनकी मां राम दुलारी रेलवे में कर्मचारी थी, जिनकी कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। सतीश चंद्र को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिलने वाली थी। अभी तक वह प्राइवेट नौकरी करते थे। हादसे की सूचना पर डीएम सूर्यपाल गंगवार मौके पर पहुंचे। डीएम ने कहा, यहां पर 64 मकान थे। सभी को पहले नोटिस जारी किया गया था।