लखनऊ (अथर्व श्रीवास्तव) उत्तर प्रदेश विधानमंडल मानसून सत्र की तारीख का एलान हो चुका है। मानसून सत्र 7 अगस्त से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। ऐसे में सत्र को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दूबे के मुताबिक राज्यपाल आनन्दीबेन पटेल ने 7 अगस्त से सत्र आहूत किया है। यह सत्र वर्ष 2023 में आयोजित दूसरा सत्र होगा।
इसके पहले इसी वर्ष फरवरी में बजट सत्र आहूत किया गया था। मानसून सत्र में 13 विधेयक पेश किए जाएंगे जिनमें ज्यादातर विश्वविद्यालयों से संबंधित हैं। इन विधायकों में उत्तर प्रदेश दंड विधि (अपराधों का शमन और विचारणों का उपशमन) (संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश नागर स्थानीय स्वायत्त शासन विधि (संशोधन) अध्यादेश-2023, उत्तर प्रदेश नगर पालिका (संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश कृषि उत्पादन मंडी (संशोधन) अध्यादेश 2023,
उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (तृतीय संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (चतुर्थ संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (पांचवां संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय प्रयागराज (संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास (संशोधन) अध्यादेश 2023, उत्तर प्रदेश जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्याग राज विश्वविद्यालय अध्यादेश 2023 और उत्तर प्रदेश माल एवं सेवा कर (संशोधन) अध्यादेश 2023 शामिल हैं।